हरिद्वार। हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी लाई जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने देर रात विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सड़कों को गड्ढामुक्त करने और हरकी पैड़ी सहित अन्य घाटों के सौंदर्यीकरण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने चंडी घाट चौक, शंकराचार्य चौक, प्रेम नगर चौक, सिंह द्वार, गुरुकुल कांगड़ी हाईवे और हरकी पैड़ी क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को डामरीकरण और सड़क मरम्मत के कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, हरकी पैड़ी क्षेत्र के मंदिरों, घाटों और पुलों का सौंदर्यीकरण दीपावली से पहले पूरा करने पर जोर दिया।
डीएम ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और रात्रिकालीन कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा और निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूरे करने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें।




